उत्तराखंड में किसकी लगेगी लॉटरी, मंत्रिमंडल विस्तार और दायित्वधारियों की लिस्ट का ​निकला शुभ मुहूर्त, जानिए कब

Share the News

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी सरकार और संगठन बड़े फैसलों की तैयारी में जुट गया है। लंबे समय से खाली पड़े मंत्रिमंडल के पदों और दायित्वधारियों की सूची को लेकर चल रहा इंतजार अब खत्म हो सकता है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, नवरात्र के शुभ अवसर पर धामी मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है।

बताया जा रहा है कि वर्तमान में धामी कैबिनेट में पांच मंत्रियों के पद खाली हैं, जिन्हें भरने की कवायद तेज हो गई है। इसके साथ ही पार्टी के सीनियर विधायकों और कार्यकर्ताओं को निगम, बोर्ड, परिषद और अन्य संस्थानों में दायित्वधारी बनाकर जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।

भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए रणनीतिक रूप से काम कर रही है। इसी के तहत सरकार और संगठन को मजबूत करने के साथ ही कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी के भीतर लंबे समय से पदों को लेकर दबाव भी बना हुआ है, जिसे चुनावी साल में संतुलित करना बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट विस्तार में विधायकों के पिछले चार वर्षों के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों का भी ध्यान रखा जाएगा, ताकि संगठनात्मक संतुलन बना रहे।

इसके अलावा, करीब 12 नए दायित्वधारियों की नियुक्ति भी इसी दौरान की जा सकती है। पार्टी नेतृत्व इस संबंध में केंद्रीय नेतृत्व को भी अवगत करा चुका है और अब अंतिम निर्णय प्रदेश स्तर पर ही लिया जाना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही कैबिनेट विस्तार के संकेत दे चुके हैं। ऐसे में नवरात्र के दौरान होने वाले इस संभावित विस्तार पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

See also  अल्मोड़ा : विधानसभा निर्वाचक नामावली के मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक अपर जिलाधिकारी अधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित
error: Content is protected !!