युवती ने शादी से किया इंकार,दरोगा ने लगा ली फांसी,पुलिस जांच में जुटी

Share the News

दरोगा ने की आत्महत्या: सुसाइड नोट मिला, प्रेम संबंध और तनाव की एंगल से जांच

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग के एक दरोगा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव अहिमामऊ स्थित किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मृतक की पहचान 34 वर्षीय सत्येंद्र वर्मा के रूप में हुई है, जो पुलिस मुख्यालय में तैनात थे। पुलिस को मौके से चार पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने किसी को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है, लेकिन लिखा है कि अब जीने की इच्छा समाप्त हो गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सत्येंद्र की करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवती से पहचान हुई थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के पिता और भाई के विरोध के चलते रिश्ता टूट गया। इसके बाद सत्येंद्र मानसिक तनाव में रहने लगे।

मृतक की मां सुखरानी देवी ने आरोप लगाया है कि युवती उन पर पैसों के लिए दबाव बना रही थी और उसके परिजन जान से मारने की धमकी देते थे। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, दो दिनों से सत्येंद्र अपनी मां के फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहे थे। परिजनों को चिंता हुई तो चचेरे भाई देवेंद्र वर्मा उनके कमरे पर पहुंचे। कमरा अंदर से बंद होने पर पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़ने पर सत्येंद्र का शव फंदे से लटका मिला।

सत्येंद्र वर्मा मूल रूप से फतेहपुर जिले के तामेश्वर नगर के निवासी थे। उनके पिता का निधन 2011 में हो चुका है। परिवार में मां और तीन बहनें हैं। वह घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और साथ ही सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी भी कर रहे थे। वर्ष 2023 में एएसआई (एम) पद पर भर्ती हुए थे और 25 मार्च 2024 को पासिंग आउट परेड के बाद उनकी तैनाती लखनऊ में हुई थी।

सुशांत गोल्फ सिटी थाने के इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सुसाइड नोट और कॉल डिटेल के आधार पर जांच जारी है।

See also  हल्द्वानी में नशे का कहर: इंजेक्शन ओवरडोज से 23 वर्षीय युवक की मौत, परिवार का इकलौता सहारा बुझा
error: Content is protected !!