रानीखेत में जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा, सचिव दीपक कुमार ने दिए समयसीमा से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश

Share the News

रानीखेत। जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु सचिव संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग उत्तराखंड शासन दीपक कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में रानीखेत तहसील, रानीखेत कैंट बोर्ड तथा रानीखेत-चिलियानौला एनपीपी क्षेत्र में संचालित जनगणना प्रथम चरण के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान हाउस लिस्टिंग एवं ब्लॉक कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा करते हुए सचिव ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा फील्ड स्तर पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

सचिव ने कहा कि जनगणना कार्य की गुणवत्ता एवं शुद्धता बनाए रखना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स का कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए तथा कार्य निष्पादन में आपसी समन्वय बनाए रखा जाए।

बैठक में अधिकारियों द्वारा सचिव को क्षेत्र में संचालित जनगणना कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया तथा निर्धारित समयावधि में सभी कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी रानीखेत तहसील दीपिका आर्य, चार्ज अधिकारी रानीखेत कैंट बोर्ड राजेंद्र प्रसाद पंत, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी आदित्य तथा चार्ज अधिकारी रानीखेत-चिलियानौला एनपीपी राजेश बुधनी उपस्थित रहे।

See also  उत्तराखंड में सनसनी: POCSO आरोपी की हत्या, शराब पार्टी बनी मौत की वजह, दोस्त ही बने कातिल
error: Content is protected !!