रानीखेत। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, रानीखेत (सीसीआरएएस, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा “योग वॉक विद नेचर” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम संस्थान प्रभारी डॉ. वी.बी. कुमावत के मार्गदर्शन एवं नोडल अधिकारी डॉ. हरित कुमारी के संयोजन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ डॉ. वी.बी. कुमावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्थान के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। लगभग 3.5 किलोमीटर लंबी योग वॉक संस्थान परिसर से प्रारम्भ होकर ड्रग फैक्ट्री गेट, गनियाद्योली तक निकाली गई। इसके साथ ही संस्थान की उपकेंद्र कस्तूरी मृग अनुसंधान केन्द्र, महरूरी (बागेश्वर) में भी कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा प्रकृति संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाना था। अपने संबोधन में डॉ. वी.बी. कुमावत ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग वॉक के दौरान प्रतिभागियों ने योग एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार किया तथा प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, जागरूक और संतुलित समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर संस्थान की अधिकारी डॉ. दीपशिखा आर्या, डॉ. तरुण कुमार सहित सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

