अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एसएसबी रानीखेत में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

Share the News

सीमान्त मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल, रानीखेत के सभागार मे अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह

रानीखेत। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीमान्त मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) रानीखेत के सभागार में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महानिरीक्षक अमित कुमार ने किया, जिसमें बल के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और मानसिक संतुलन का भी विकास होता है। सभी उपस्थित अधिकारियों और जवानों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधि विश्व विजय सिंह माहरा, कमल पाण्डेय एवं भगवंत सिंह रावत ने भी सहभागिता की। उन्होंने संगठन की गतिविधियों तथा योग एवं ध्यान की विभिन्न विधियों की जानकारी देते हुए तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन और आंतरिक शांति के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रतिनिधियों ने बताया कि हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट एक वैश्विक, स्वयंसेवकों द्वारा संचालित गैर-लाभकारी संगठन है, जो सरल एवं हृदय-केंद्रित योग, विश्राम और ध्यान पद्धतियों के माध्यम से लोगों को बेहतर जीवन जीने की प्रेरणा देता है। यह संस्था 160 से अधिक देशों में सक्रिय है और लोगों को मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रही है।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योगाभ्यास के संकल्प के साथ हुआ। योग दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों ने स्वस्थ, सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता का संकल्प दोहराया।

See also  रानीखेत : पर्यटन सीजन को देखते हुए पर्यटकों के लिए गोल्फ ग्राउंड का समय बढ़ाया गया
error: Content is protected !!