भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शाही द्वारा द्वाराहाट के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास हेतु मुख्य विकास अधिकारी को दिया ज्ञापन।
मानस खंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने का प्रस्ताव, सीडीओ ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन
रिपोर्टर: बलवंत सिंह रावत
रानीखेत/द्वाराहाट। द्वाराहाट क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शाही ने बहुउद्देशीय शिविर के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में द्वाराहाट के प्राचीन मंदिर समूह, मां दूनागिरि मंदिर, विभांडेश्वर मंदिर समेत क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को मानस खंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत शामिल किए जाने की मांग की गई। साथ ही इन स्थलों के संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विकास और पर्यटन की दृष्टि से सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया गया।
आशुतोष शाही ने ज्ञापन में इन स्थलों की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके समुचित विकास से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि धार्मिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने ज्ञापन का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए प्रस्ताव की सराहना की। उन्होंने कहा कि द्वाराहाट की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का संरक्षण आवश्यक है तथा इन स्थलों के विकास से क्षेत्र के पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
सीडीओ ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उल्लिखित प्रस्तावों का संबंधित विभागों के माध्यम से परीक्षण कराया जाएगा और आवश्यक कार्यवाही को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
इससे क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ द्वाराहाट की पहचान एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में और मजबूत होगी।

