आर्थिक तंगी से टूटा परिवार: जहरीला जूस पीकर सामूहिक आत्महत्या का प्रयास, पिता-बेटी की मौत

Share the News

पत्नी और बेटा आईसीयू में भर्ती, महिला ने ननद, जेठ और बैंक अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए

पटियाला। पंजाब के पटियाला शहर की अफसर कॉलोनी से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आर्थिक तंगी और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक परिवार ने जहरीला पदार्थ मिलाकर जूस पी लिया। इस घटना में 45 वर्षीय पूर्व बैंक मैनेजर विकास बातीश और उनकी 13 वर्षीय बेटी ख्वाहिश की मौत हो गई, जबकि पत्नी तमन्ना बातीश और 11 वर्षीय बेटा कनव गंभीर हालत में राजिंदरा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं।

पुलिस के अनुसार, बुधवार देर शाम परिवार के चारों सदस्यों ने घर में मिक्स जूस में सल्फास मिलाकर पी लिया। हालत बिगड़ने पर सभी को तुरंत राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया। इलाज शुरू होने से पहले विकास बातीश की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी ख्वाहिश ने गुरुवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

अस्पताल में मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज बयान में तमन्ना बातीश ने आरोप लगाया कि उनके पति ने अपनी बहन को करीब 55 लाख रुपये उधार दिए थे, जिनमें लगभग 45 लाख रुपये बैंक से ऋण लेकर जुटाए गए थे। लंबे समय तक रकम वापस नहीं मिलने के कारण बैंक ऋण का दबाव बढ़ता गया और कथित रूप से बैंक अधिकारियों की ओर से लगातार मानसिक दबाव बनाया गया। इसी तनाव के चलते उनके पति को नौकरी भी छोड़नी पड़ी, जिससे परिवार आर्थिक संकट में घिर गया।

तमन्ना ने अपने बयान में ननद, जेठ और संबंधित बैंक अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लगातार उत्पीड़न और आर्थिक संकट ने परिवार को यह कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया।

पटियाला के डीएसपी सिटी-1 संजीव सिंगला ने बताया कि पीड़ित महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपों की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

See also  अल्मोड़ा : महाविद्यालय तल्ला सल्ट में गायत्री-परिवार-शांतिकुंज के तत्वावधान में संगोष्ठी का आयोजन
error: Content is protected !!