श्रावण माह में गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे, गगास के कोटेश्वर महादेव मंदिर में हुआ भव्य जलाभिषेक

Share the News

गगास में महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा, शिव भक्तों का किया भव्य स्वागत।

रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। श्रावण माह के पावन अवसर पर विकासखंड ताड़ीखेत के गगास क्षेत्र में रविवार को भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

स्थानीय महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा और शिव भक्तों के स्वागत ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया। श्रद्धालुओं के ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।

कलश यात्रा गगास मुख्य चौराहे से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर सजे कलश धारण कर भाग लिया।

महिलाएं पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए कोटेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचीं। रास्ते भर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

इस अवसर पर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे शिव भक्त लक्ष्मण सिंह रावत और दिगम्बर सिंह रावत ने कोटेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न हुए जलाभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूजन एवं जलाभिषेक के उपरांत मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया।

ग्राम सभा मकणौ सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने पूरे आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

ग्रामीणों ने बताया कि श्रावण माह में प्रतिवर्ष इस प्रकार की कलश यात्रा और जलाभिषेक का आयोजन किया जाता है।

यह धार्मिक परंपरा न केवल भगवान शिव के प्रति लोगों की अटूट आस्था को मजबूत करती है, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को भी सशक्त बनाने का कार्य करती है।

आयोजन के सफल संचालन में स्थानीय ग्रामीणों और मंदिर समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

See also  अल्मोड़ा : जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनवरी, फरवरी एवं मार्च हेतु क्षेत्र पंचायत बैठकों का रोस्टर किया जारी
error: Content is protected !!