वन विभाग की अपील—सांप दिखे तो न घबराएं, न मारें, तुरंत हेल्पलाइन 1926 पर दें सूचना
हल्द्वानी। मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण सांपों के बिलों में पानी भरने से वे सुरक्षित स्थानों की तलाश में रिहायशी इलाकों का रुख कर रहे हैं।
यही वजह है कि हल्द्वानी वन प्रभाग की विभिन्न वन रेंजों में घरों, खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों से सांप निकलने की घटनाओं में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। स्थिति को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और सभी रेस्क्यू टीमें 24 घंटे सक्रिय रखी गई हैं।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल 2025 से अब तक करीब 750 सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। सूचना मिलते ही प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंचती है, सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर उनके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ देती है। विभाग का कहना है कि रेस्क्यू के दौरान मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है।
अधिकारियों ने बताया कि मानसून के मौसम में सांपों का घरों, गोदामों, खेतों और अन्य आबादी वाले स्थानों में दिखाई देना सामान्य बात है। ऐसे में लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश बिल्कुल न करें, क्योंकि ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है।
वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी स्थान पर सांप दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग की हेल्पलाइन 1926 पर सूचना दें। प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचकर सुरक्षित तरीके से सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ देगी।
वन विभाग का कहना है कि मानसून के दौरान थोड़ी सी सावधानी और सतर्कता न केवल लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करती है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। विभाग ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में बिना देर किए 1926 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।


