दिल्ली में चलती बस में महिला से गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार

Share the News

दिल्ली में फिर निर्भया जैसा कांड! पैदल चल रही महिला को अंदर खींचा; चलती बस में 2 घंटे तक गैंगरेप

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। रानी बाग इलाके में एक प्राइवेट स्लीपर बस के अंदर 30 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है, जब पीड़िता काम से लौटकर घर जा रही थी।

जानकारी के अनुसार पीड़िता पीतमपुरा की झुग्गियों में रहती है और मंगोलपुरी स्थित एक फैक्ट्री में काम करती है। रोज की तरह वह पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान सरस्वती विहार के बी-ब्लॉक बस स्टैंड के पास एक स्लीपर बस रुकी। महिला ने बस के दरवाजे पर खड़े युवक से समय पूछा, तभी आरोपियों ने उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने बस का दरवाजा बंद कर ड्राइवर को बस चलाने के लिए कहा। इसके बाद चलती बस में करीब दो घंटे तक महिला के साथ दरिंदगी की गई। वारदात के बाद आरोपी महिला को घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर लिया गया है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार महिला को रानी बाग इलाके से बस में बैठाया गया था और फिर नांगलोई इलाके में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

See also  पहाड़ों में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की खुली पोल : गर्भवती आंगनबाड़ी सहायिका की उपचार के दौरान मौत, हंगामा
error: Content is protected !!