चार दिवसीय ‘अंतर-सीमांत क्लस्टर (बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस) खेल प्रतियोगिता-2026’ का भव्य आयोजन
रानीखेत में 160 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत लगाया चंदन का पौधा
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पिथौरागढ़ की 55वीं वाहिनी द्वारा आयोजित चार दिवसीय ‘अंतर-सीमांत क्लस्टर (बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस) खेल प्रतियोगिता-2026’ का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ।
19 से 22 अगस्त तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को राष्ट्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा का सीमांत रानीखेत के महानिरीक्षक अमित कुमार ने आत्मीय स्वागत किया। उद्घाटन समारोह से पूर्व पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्य अतिथि ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत चंदन का पौधा भी रोपा और लोगों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अजय टम्टा ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, त्वरित निर्णय लेने की योग्यता और टीम भावना विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत और आत्मविश्वासी बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि सीमांत रानीखेत के अधिकारियों और जवानों के बीच आयोजित इस महत्वपूर्ण खेल समारोह का उद्घाटन करना उनके लिए अत्यंत सुखद और गौरवपूर्ण अनुभव है। उन्होंने सशस्त्र सीमा बल की सराहना करते हुए कहा कि एसएसबी राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के क्षेत्र में निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अनुकरणीय कार्य कर रहा है। बल के जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समर्पण को नमन करते हुए उन्होंने भविष्य में भी निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सीमांत रानीखेत के महानिरीक्षक अमित कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य एसएसबी के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बल और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का अवसर देना भी इस आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि ये कार्मिकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना, आपसी समन्वय और सक्रिय जीवनशैली को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में एसएसबी के विभिन्न सीमांतों से 160 से अधिक खिलाड़ी बैडमिंटन और टेबल टेनिस स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं, जिससे प्रतियोगिता रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक होने की उम्मीद है।
चार दिनों तक चलने वाली इस खेल प्रतियोगिता में विभिन्न सीमांतों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन के माध्यम से खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ जवानों के मनोबल और फिटनेस को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में रानीखेत सीमांत के महानिरीक्षक अमित कुमार, उप महानिरीक्षक सुरेश सुब्रमणियम, उप महानिरीक्षक अनिल कुमार शर्मा, महेंद्र प्रताप, कमांडेंट 55वीं वाहिनी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी, खिलाड़ी और जवान उपस्थित रहे।







