रानीखेत में पहली बार महिला रामलीला प्रतियोगिता का शुभारंभ, दो दिवसीय आयोजन में 8 टीमें दिखा रहीं प्रतिभा

Share the News

सांस्कृतिक समिति रानीखेत द्वारा शहर में पहली बार महिला रामलीला प्रतियोगिता का आयोजन

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। सांस्कृतिक समिति रानीखेत के तत्वावधान में शहर में पहली बार महिला रामलीला प्रतियोगिता का आयोजन मिशन इंटर कॉलेज रानीखेत में शुरू हुआ। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री एवं अल्मोड़ा जिला प्रभारी विमला रावत तथा सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रतियोगिता में क्षेत्र की महिला कलाकारों ने रामलीला का प्रभावशाली मंचन कर दर्शकों का मन मोह लिया। पहले दिन जय मां कालिका महिला समिति पाखुड़ा गाड़ी, गौरा स्वयं सहायता समूह चिलियानौला, मातृ शक्ति समूह रानीखेत तथा सांस्कृतिक समिति रानीखेत द्वारा प्रस्तुतियां दी गईं।

सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने बताया कि समिति समय-समय पर सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है। पहली बार महिलाओं के लिए रामलीला प्रतियोगिता आयोजित कर उनकी कलात्मक प्रतिभा, अभिनय कौशल, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में अल्मोड़ा जिले की कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें तीन टीमें अल्मोड़ा तहसील और पांच टीमें रानीखेत तहसील की हैं। प्रत्येक टीम को प्रस्तुति के लिए 40 मिनट का समय दिया गया है। भविष्य में इस आयोजन को तीन से चार दिनों तक विस्तारित करने की योजना है ताकि अधिक से अधिक महिला कलाकारों को मंच मिल सके।

इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी अल्मोड़ा विमला रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धन सिंह रावत, दीपक पंत, कैलाश पांडेय, जगदीश अग्रवाल, सुरेश फर्त्याल, गीता पवार, नेहा माहरा, हरीश सिंह काड़ाकोटी, सोनू सिद्दीकी सहित सांस्कृतिक समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

See also  रानीखेत : राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज चौनलिया में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम
error: Content is protected !!