15 साल से सड़क का इंतजार, ऐरोली के ग्रामीणों का ऐलान— “रोड नहीं तो वोट नहीं”

Share the News

संयुक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन, चुनाव से पहले वैकल्पिक सड़क बनाने की मांग

रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत। रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ऐरोली में सड़क सुविधा नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

इसी के चलते सोमवार को ग्राम सभा ऐरोली के ग्रामीणों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क निर्माण की मांग की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि चुनाव से पहले सड़क नहीं बनी तो वे “रोड नहीं तो वोट नहीं” के तहत चुनाव बहिष्कार का सामूहिक निर्णय लेंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के दशकों बाद भी उनका गांव सड़क सुविधा से वंचित है। कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के बावजूद केवल आश्वासन मिले, लेकिन सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ। उनका आरोप है कि हर चुनाव में सड़क का वादा किया जाता है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।

जिला पंचायत सदस्य हिमांशु कुमार ने कहा कि पिछले लगभग 15 वर्षों से हर चुनाव में गांव को सड़क देने का वादा किया जाता रहा है, लेकिन आज तक सड़क नहीं बनी। उन्होंने बताया कि गांव में बुजुर्ग, बीमार और गर्भवती महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। पलायन के कारण गांव में बचे कुछ युवाओं पर ही सभी जिम्मेदारियां आ जाती हैं। उन्होंने कहा कि पहले पीडब्ल्यूडी, फिर आरईएस और अब पीएमजीएसवाई द्वारा सर्वे कराया गया है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। उन्होंने चुनाव से पहले कम से कम एक वैकल्पिक सड़क उपलब्ध कराने की मांग की ताकि मेडिकल इमरजेंसी में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।

ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क का मामला लंबे समय से लंबित है। गांव में आयोजित खुली बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि इस बार भी सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो पूरे गांव के लोग मतदान का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने कहा कि वन विभाग और संबंधित विभागों का संयुक्त निरीक्षण हो चुका है तथा सभी आवश्यक दस्तावेज भी जमा कर दिए गए हैं। इसके बावजूद यदि चुनाव तक सड़क नहीं बनती है तो गांव के लोग वोट नहीं डालेंगे।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य हिमांशु कुमार, ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार, पूर्व ग्राम प्रधान जगदीश बिष्ट, ईश्वर सिंह, भगवत सिंह, देव सिंह, मोहन बिष्ट, लक्ष्मण सिंह, सरुली देवी, पुष्या देवी, लीला देवी, वसन्ती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

See also  रानीखेत : पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी की कार को किया सीज
error: Content is protected !!