रानीखेत में कांग्रेस की विशाल जनआक्रोश रैली, राम मंदिर चंदा प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग।
करन माहरा बोले— रामलला पूरे देश की आस्था के प्रतीक, श्रद्धालुओं के चंदे का पारदर्शी हिसाब जनता के सामने आए
रानीखेत। “रामलला के सम्मान में, कांग्रेस है मैदान में” अभियान के तहत रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को विशाल जनआक्रोश रैली निकाली। रैली का नेतृत्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने किया। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
रैली को संबोधित करते हुए करन माहरा ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था, विश्वास और मर्यादा के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे की एक-एक पाई का पारदर्शी हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए।
उन्होंने राम मंदिर चंदा प्रकरण में कथित अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग की।
करन माहरा ने यह भी आरोप लगाया कि धार्मिक संस्थानों से जुड़े मामलों में समय-समय पर गंभीर सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “रामलला के सम्मान में, कांग्रेस है मैदान में” और “रामलला का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका आंदोलन किसी धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा के लिए है।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक किरौला, नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, कैलाश पांडेय, उमेश भट्ट, गीता पवार, गुसाईं राम, प्रेम अधिकारी, देवगिरी गोस्वामी, भगवती रेखाड़ी, नरेंद्र नेगी, महिपाल सिंह बिष्ट, कमलेश बोरा, कैलाश पंत, नेहा साह माहरा, दीपक पंत, अतुल जोशी, नवीन प्रकाश, पंकज जोशी, कुलदीप कुमार, गोपाल, दीप उपाध्याय, विजय तिवारी, सोनू सिद्दीकी, चंद्रशेखर वर्मा, अंकित रावत, असलान शेख सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

