आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत में कारगिल विजय दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन

Share the News

रानीखेत। आर्मी पब्लिक स्कूल, रानीखेत में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीदों के अदम्य साहस, बलिदान एवं राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं एनसीसी कैडेटों द्वारा देशभक्ति गीत, कविताएँ, प्रेरणादायक भाषण तथा कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के शौर्य का स्मरण किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए हिंदी निबंध प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने लेखन एवं कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से कारगिल के अमर शहीदों के प्रति श्रद्धा एवं राष्ट्रप्रेम व्यक्त किया।

सायंकाल विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं एनसीसी कैडेटों ने गांधी चौक से विजय चौक, रानीखेत तक भव्य कैंडल मार्च निकाला। हाथों में तिरंगा और मोमबत्तियाँ लिए प्रतिभागियों ने अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम का समापन शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर तथा राष्ट्र की रक्षा, सेवा एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने कारगिल के अमर वीरों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के हेमचंद पंत, बृजेश जोशी, त्रिभुवन कांडपाल, कमल पाण्डे, सैम स्मिथ, डी सी पाठक, किरन जोशी, गरिमा भंडारी, दर्शना शाह, लक्ष्मी नेगी, एनसीसी एएनओ लेफ्टिनेंट देव सिंह बिष्ट एवं भूपेंद्र परिहार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

See also  पति सौरभ के जन्मदिन पर कातिल मुस्कान ने दिया बेटी को जन्म,मेरठ जेल में बंद हैं मुस्कान, पति की हत्या कर नीले ड्रम में डाला था
error: Content is protected !!