अल्मोड़ा जिला योजना 2026-27 को मंजूरी, 74.73 करोड़ के बजट पर लगी मुहर

Share the News

जिला योजना में 74 करोड़ 73 लाख रुपए हुए स्वीकृत।

 जिला योजना संरचना में पास हुआ परिव्यय

रिपोर्टर बलवंत सिंह रावत 

अल्मोड़ा। चालू वित्तीय वर्ष की जिला योजना संरचना के परिव्यय को लेकर विकास भवन सभागार में जनपद प्रभारी मंत्री डॉ धन सिंह रावत की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7473.70 लाख रुपये के परिव्यय को अनुमोदित किया गया। इसमें 5713.70 लाख रुपये सामान्य मद, 1737.30 लाख रुपये एससीएसपी तथा 22.70 लाख रुपये टीएसपी के लिए निर्धारित किए गए हैं।

बैठक में जिला योजना समिति के अध्यक्ष सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों को आवंटित धनराशि पर सहमति जताई। इस वर्ष जल संस्थान को 1230 लाख रुपये, लोक निर्माण विभाग को 1060 लाख रुपये, प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण विभाग को 500 लाख रुपये, पर्यटन विभाग को 350 लाख रुपये, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को 300 लाख रुपये, पेयजल निगम को 580 लाख रुपये, कृषि विभाग को 320 लाख रुपये तथा पशुपालन विभाग को 355 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई।

बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी अंशुल सिंह द्वारा प्रभारी मंत्री का स्वागत कर की गई। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने वर्ष 2026-27 की जिला योजना का विभागवार प्रस्तुतीकरण दिया और बीते वित्तीय वर्ष में किए गए नवाचारों एवं कार्यों की जानकारी साझा की।

प्रभारी मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और जिला योजना की धनराशि का उपयोग जनपद के विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को बजट के अनुसार प्राथमिकता दी जाए और किसी प्रकार का भेदभाव न हो।

बैठक में विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं भी उठाईं, जिनके त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से आम जनता की समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेने और फोन कॉल का अनिवार्य रूप से जवाब देने को भी कहा।

बैठक में अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी, रानीखेत विधायक डॉ प्रमोद नैनवाल, जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा, सल्ट विधायक महेश जीना, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैडा, मेयर अजय वर्मा सहित जनप्रतिनिधि और सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

See also  बारात लेकर जा रहा वाहन खाई में गिरा, दाे की माैत, तीन घायल
error: Content is protected !!