महंगाई और NEET पेपर लीक के विरोध में रानीखेत में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का फूंका पुतला

Share the News

पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों तथा NEET पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार का पुतला फूंका

रिपोर्टर : बलवंत सिंह रावत 

रानीखेत। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों तथा NEET पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। रानीखेत कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं CWC सदस्य करन माहरा ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए करन माहरा ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीवन बेहद मुश्किल बना दिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से छोटे व्यापारियों, टैक्सी चालकों, मजदूरों और दुकानदारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। बाजारों में मंदी का माहौल है और आम जनता की जेब पर लगातार बोझ बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने NEET पेपर लीक मामले को देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए कहा कि लाखों छात्रों और उनके परिवारों की मेहनत पर भ्रष्ट व्यवस्था ने चोट पहुंचाई है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज तक ले रहे हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनका भरोसा टूट रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और आत्मविश्वास पर हमला है।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करने, छोटे व्यापारियों को राहत देने तथा NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, पीसीसी सदस्य कैलाश पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह अधिकारी, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कमलेश बोरा, गोपाल सिंह देव, कुलदीप कुमार, रमेश पंत, कल्पना आर्या, दीपक पंत, विनीत चौरसिया, सोनू सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

See also  उत्तराखंड में बिगड़ा मौसम का मिजाज; बारिश संग बर्फबारी
error: Content is protected !!