प्रकृति को बचाना ही आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है — करन माहरा
रानीखेत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चलाया स्वच्छता अभियान, पंचेश्वर महादेव मंदिर में कथा कार्यक्रम में भी हुए शामिल।
रिपोर्ट- बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। कांग्रेस के सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने अपने और अपनी बड़ी पुत्री के जन्मदिवस के अवसर पर रानीखेत के निर्वाणा पार्क (रानीझील के निकट) में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पार्क परिसर की साफ-सफाई की।
इस अवसर पर करन माहरा ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी अवसर है।
उन्होंने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, निर्मल जल और हरा-भरा पर्यावरण देना है तो आज से ही प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेना होगा। उन्होंने लोगों से हर शुभ अवसर पर एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एक पेड़ केवल छाया और फल ही नहीं देता, बल्कि अनगिनत जीवों के जीवन और धरती के भविष्य का आधार भी होता है। इसलिए प्रकृति की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद करन माहरा श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत पुराण कथा ज्ञान यज्ञ में शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद वितरण किया तथा उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, शांति और सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मानवता की सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत, पीसीसी सदस्य कैलाश पांडेय, नगर अध्यक्ष उमेश भट्ट, कमलेश बोरा, गीता पावर, नेहा माहरा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


