सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर पालिका का अभियान, 300 ग्राम प्लास्टिक जब्त।
रिपोर्ट — बलवन्त सिंह रावत
रानीखेत। नगर पालिका परिषद रानीखेत-चिलियानौला क्षेत्र में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अधिशासी अधिकारी एवं पर्यावरण पर्यवेक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र की विभिन्न दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर प्लास्टिक के उपयोग और भंडारण की जांच की।
अभियान के दौरान नगर पालिका की टीम ने दुकानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक की उपलब्धता और इस्तेमाल को लेकर विशेष रूप से जांच की। इस दौरान करीब 300 ग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त की गई। टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग या बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका टीम ने केवल कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए व्यापारियों और स्थानीय लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में भी जागरूक किया। टीम ने बताया कि प्लास्टिक कचरा पर्यावरण के साथ-साथ जल स्रोतों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों के लिए भी गंभीर समस्या पैदा करता है। व्यापारियों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग और बिक्री पूरी तरह बंद करने तथा इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई।
नगर पालिका प्रशासन ने दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। भविष्य में किसी दुकान या प्रतिष्ठान में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग, बिक्री या भंडारण पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार चालानी एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से भी स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करने और प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने की अपील की है।


