द्वाराहाट में पूर्व विधायक महेश नेगी का जनसंपर्क अभियान तेज, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

पूर्व विधायक महेश नेगी और आशुतोष शाही ने किया द्वाराहाट क्षेत्र का जनसंपर्क दौरा।

कफड़ा, गगास, बग्वालीपोखर और बिन्ता सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण कर सुनीं जनसमस्याएं, विकास कार्यों में तेजी लाने का दिया भरोसा

रिपोर्ट– बलवन्त सिंह रावत 

रानीखेत/द्वाराहाट। अल्मोड़ा जिले की द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों का जनसंपर्क अभियान तेज होने लगा है। इसी क्रम में पूर्व विधायक महेश नेगी और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शाही ने क्षेत्र के कफड़ा, गगास, बग्वालीपोखर और बिन्ता सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का सघन भ्रमण कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं और स्थानीय मुद्दों की जानकारी ली। ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क के दौरान लोगों ने दोनों नेताओं का जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया।

भ्रमण के दौरान पूर्व विधायक महेश नेगी और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शाही ग्रामीण बाजारों में पहुंचे और व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों तथा ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने लोगों का हाल-चाल जाना और क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को नेताओं के समक्ष रखा।

पूर्व विधायक महेश नेगी ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के साथ उनका रिश्ता केवल एक जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य का है। जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनता द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

महेश नेगी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास तभी संभव है, जब स्थानीय लोगों की जरूरतों और सुझावों को प्राथमिकता दी जाए। जनसंवाद के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझने और संबंधित स्तर पर उनके समाधान के लिए पहल करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता से संपर्क बनाए रखना और उनकी समस्याओं को सुनना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

वहीं, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शाही ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता की मांगों और समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके निस्तारण के लिए प्रयास किए जाएंगे। साथ ही विकास योजनाओं को गति देने और लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा।

See also  भीमताल : ओखल कांडा ब्लॉक के दुरस्त गांवों में किसानों के बीच हरीश पनेरु, किसानों की समस्याओं से हुए रूबरू
error: Content is protected !!